📰 पूरी खबर:
*सिंगोली। भगवान श्री सांवलिया सेठ की पावन नगरी मंडफिया (चित्तौड़गढ़) में आगामी 6 सितंबर को अखिल भारतीय मालवा-मेवाड़ गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध जन महासंगम का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल समागम को लेकर समाज द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में महासभा के पदाधिकारियों ने सिंगोली पहुँचकर स्थानीय ब्राह्मण समाज को इस महाआयोजन का विधिवत निमंत्रण पत्र अर्पित किया।वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश उपाध्याय एवं कमलेश भट्ट ने बताया कि यह महासंगम चिकारड़ा रोड स्थित डीएम वाटिका (सांवलिया धाम, मंडफिया) में आयोजित होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 6 सितंबर को सुबह 9:00 से 11:00 बजे तक समाज जनों का आगमन और स्वल्पाहार होगा, जिसके पश्चात सुबह 11:00 बजे सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
*इन प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा*:
पदाधिकारियों ने बताया कि महासंगम में मुख्य रूप से समाज की एकता व अखंडता, शिक्षा, संस्कार, युवा शक्ति का सशक्तिकरण, *सांवलिया जी में प्रतिवर्ष नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन*,
पंचायती राज व नगर निकाय चुनावों में समाज के प्रत्याशियों को खुला समर्थन देने तथा महासभा की सदस्यता विस्तार सहित समाज हित के विभिन्न गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर अहम निर्णय लिए जाएंगे।
*बैठक में यह रहे उपस्थित*
सिंगोली में आयोजित निमंत्रण बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध जन सर्वश्री ओंकार लाल शर्मा, कैलाशचंद जोशी, कमल कुमार शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, रवि, बिल्लू, हरीश शर्मा, रवि प्रकाश शर्मा, निरंजन शर्मा, दिलीप शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सोनू शर्मा एवं शुभम शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज जन मौजूद थे।
सभी ने महासंगम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अंचल से भारी संख्या में मंडफिया पहुँचने का संकल्प लिया।