📰 पूरी खबर:
मनासा.नीमच जिले सहित क्षेत्रवासियों के लिए सड़क कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की 12 प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण के लिए करीब 4,600 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग भी शामिल है। इस परियोजना के मूर्त रूप लेने से नीमच जिले का राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से सड़क संपर्क और अधिक मजबूत होगा। मार्ग के विकसित होने से नीमच, मनासा, रामपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार -
नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग के बेहतर होने से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। कृषि उपज को दूसरे क्षेत्रों के बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा और परिवहन में लगने वाले समय में कमी आने की संभावना है। सड़क के आसपास होटल, ढाबे, पेट्रोल पंप, परिवहन एवं अन्य व्यवसायों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बन सकते हैं।
राजस्थान से मजबूत होगी कनेक्टिविटी -
नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग क्षेत्र को राजस्थान से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके फोरलेन के रूप में विकसित होने से नीमच जिले की अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। साथ ही दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े आर्थिक कॉरिडोर से जुड़ाव बेहतर होने की उम्मीद है।
नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग को बेहतर बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने पर नीमच जिले के साथ मनासा और रामपुरा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकती है। प्रदेश की 12 सड़क परियोजनाओं के लिए 4,600 करोड़ रुपये की स्वीकृति को मध्यप्रदेश में सड़क अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग के शामिल होने से क्षेत्रवासियों में भी विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की उम्मीद बढ़ी है।
नीमच-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग को सड़क परियोजनाओं में शामिल कर स्वीकृति मिलना मनासा विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र की राजस्थान सहित अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन अधिक सुगम होगा। किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज एवं माल को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, सड़क का बेहतर अधोसंरचना विकास क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सड़क विकास के लिए 4,600 करोड़ रुपये की स्वीकृति से मध्यप्रदेश के साथ मनासा क्षेत्र को भी विकास की नई गति मिलेगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मैं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं।