📰 पूरी खबर:


जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरदुआकला में छत पर लोहे की सरिया ले जाते समय बिजली के तार की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई।सिहोरा पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार 39 वर्षीय रामकिशोर भूमिया ने पुलिस को बताया कि वह 25 अगस्त की सुबह घर में सेंटिंग के ऊपर लोहा बिछाने के लिए लोहे को काटकर दीवार से टिकाकर रख रहा था। दोपहर करीब 12 बजे उसका छोटा भाई गुड्डू भूमिया घर लौटा और दीवार से टिके लोहे को उठाकर छत की ओर जाने लगा। इसी दौरान अचानक गिरने की आवाज सुनकर परिजन ऊपर पहुंचे तो गुड्डू सेंटिंग पर पड़ा था। उसके हाथ में छत पर बिछाने के लिए काटा गया लोहा था, जो ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया था। परिजन उसे तत्काल सिहोरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।