इंदौर। इंदौर का होलकर स्टेडियम, जो अब तक भारतीय टीम के लिए लकी चार्म और एक अभेद्य दुर्ग माना जाता था, रविवार को एक ऐतिहासिक उलटफेर का गवाह बना। तीन मैचों की वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रनों से शिकस्त देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह जीत कीवी टीम के लिए ऐतिहासिक गौरव लेकर आई है, क्योंकि उन्होंने 1988 के बाद पहली बार भारतीय सरजमीं पर कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का कारनामा किया है।टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का भारतीय कप्तान शुभमन गिल का फैसला शुरुआत में सही साबित होता दिखा, जब अर्शदीप और हर्षित राणा ने मात्र 5 रन पर न्यूजीलैंड के 2 विकेट झटक लिए थे। लेकिन इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच डेरिल मिचेल (137) और ग्लेन फिलिप्स (106) ने इंदौर की छोटी बाउंड्री का फायदा उठाते हुए भारतीय गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए मात्र 186 गेंदों में 219 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। इस प्रहार की मदद से न्यूजीलैंड ने 50 ओवरों में 337/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत के लिए हर्षित राणा और अर्शदीप ने 3-3 विकेट लिए, लेकिन वे रनों की गति पर अंकुश नहीं लगा सके। पूरी सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने वाले डेरिल मिचेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।338 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनक रही। कप्तान रोहित शर्मा (11) और शुभमन गिल (23) के जल्दी आउट होने के बाद मध्यक्रम भी लड़खड़ा गया। 71 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद विराट कोहली ने चेज मास्टर की भूमिका संभाली। कोहली ने अपनी पारी की पहली ही बाउंड्री पुल शॉट पर छक्का जड़कर हासिल की। रन मशीन कोहली ने मात्र 91 गेंदों में अपना 54वां वनडे शतक पूरा किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक 7 शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग (6 शतक) को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने 124 रनों (108 गेंद, 10 चौके, 3 छक्के) की साहसी पारी खेली। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी (53) और हर्षित राणा (52) का साथ तो मिला, लेकिन 46वें ओवर में कोहली के आउट होते ही भारत की उम्मीदें दम तोड़ गईं और पूरी टीम 296 रनों पर सिमट गई। :: होलकर में रिकॉर्ड्स की सुनामी :: - रोहित शर्मा भारत में 100 वनडे खेलने वाले दुनिया के छठे और भारत के 5वें खिलाड़ी बने। वे अब सचिन (164) और धोनी (130) जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हैं। - कीवी टीम के खिलाफ 7वां वनडे शतक जड़कर कोहली ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यह उनके करियर का 85वां अंतरराष्ट्रीय शतक है। - होलकर स्टेडियम में खेले गए पिछले 7 वनडे मैचों में भारत अजेय था, लेकिन यह इस मैदान पर भारत की पहली हार है। :: संक्षिप्त स्कोर कार्ड :: न्यूजीलैंड : 337/8 (डेरिल मिचेल 137, ग्लेन फिलिप्स 106; अर्शदीप 3/63, हर्षित 3/84) भारत : 296 (विराट कोहली 124, नीतीश रेड्डी 53, हर्षित राणा 52; क्रिस्टियन क्लार्क 3/54) नतीजा : न्यूजीलैंड 41 रनों से जीता (सीरीज 2-1 से कब्जाई)