टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ओमान की टीम घोषित, भारतीय मूल के जतिंदर सिंह होंगे कप्तान
30 Dec 2025
राष्ट्रीय
नई दिल्ली । भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर टीमों के ऐलान का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में ओमान क्रिकेट बोर्ड ने भी अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। ओमान की टीम को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार टीम की कमान एक भारतीय मूल के खिलाड़ी के हाथों में सौंपी गई है। पंजाब के लुधियाना में जन्मे जतिंदर सिंह को ओमान की टी20 वर्ल्ड कप टीम का कप्तान बनाया गया है।
जतिंदर सिंह का क्रिकेट सफर काफी दिलचस्प रहा है। भारत में जन्म लेने के बाद वह बेहद कम उम्र में ओमान चले गए, जहां उन्होंने न सिर्फ अपनी पढ़ाई पूरी की बल्कि क्रिकेट को भी करियर के तौर पर अपनाया। ओमान में उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट खेला और साल 2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। बीते एक दशक से ज्यादा समय से वह ओमान क्रिकेट की रीढ़ बने हुए हैं। वह इस फॉर्मेट में ओमान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं, जिससे उनका कप्तान बनना स्वाभाविक माना जा रहा है।
हाल ही में खेले गए एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद अनुभवी ऑलराउंडर आमिर कलीम को टीम में जगह नहीं मिली है। 43 वर्षीय कलीम ने एशिया कप में ओमान के लिए दो अर्धशतक लगाए थे और वह वर्ल्ड कप क्वालिफायर का भी हिस्सा रहे थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने इस बार युवा और संतुलित टीम पर भरोसा जताया है। विकेटकीपर बल्लेबाज विनायक शुक्ला को उपकप्तान बनाया गया है, जो मध्यक्रम में टीम को मजबूती देने के साथ-साथ नेतृत्व में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
ओमान ने एशिया कप की तुलना में अपनी वर्ल्ड कप टीम में कुल पांच बदलाव किए हैं। ऑलराउंडर वसीम अली, करण सोनावाले और जय ओडेड्रा को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज शफीक जान और जितेन रामानंदी को भी मौका मिला है। रामानंदी, ओडेड्रा और वसीम ने टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में हिस्सा लिया था, जबकि शफीक जान ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में ओमान के लिए डेब्यू किया था। सोनावाले भी इसी प्रतियोगिता का हिस्सा रहे थे।
गौरतलब है कि जतिंदर सिंह पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप में ओमान की टीम में जगह नहीं बना पाए थे, लेकिन इस बार वह न सिर्फ टीम का हिस्सा हैं बल्कि कप्तान के तौर पर उतरेंगे। उनकी अनुभवी बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता पर ओमान की टीम को काफी भरोसा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उन्हें सह-मेजबान टीम के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा। ओमान अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा। भारतीय मूल के कप्तान के नेतृत्व में ओमान की टीम इस मेगा इवेंट में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीदों के साथ मैदान पर उतरेगी।
2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए ओमान की टीम - जतिंदर सिंह (कप्तान), विनायक शुक्ला (उप-कप्तान), मोहम्मद नदीम, शकील अहमद, हम्माद मिर्ज़ा, वसीम अली, करण सोनावाले, फैसल शाह, नदीम खान, सुफ़यान महमूद, जय ओडेड्रा, शफ़ीक जान, आशीष ओडेड्रा, जितेन रामानंदी, हसनैन अली शाह
डेविड/ईएमएस 30 दिसंबर 2025