भोपाल। शिक्षा विभाग लगातार व्यवस्थाओं में परिवर्तन कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को अत्याधुनिक और बेहतर शिक्षा दी जा सके। वर्तमान शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ ही शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति के बाद अब शिक्षकों के अवकाश की मंजूरी भी ऑनलाइन करने के आदेश जारी हो गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने 31 दिसंबर को आदेश जारी किया कि अब शिक्षकों को छुट्टियों की मंजूरी ऑनलाइन दी जाएगी। शिक्षकों को सीएल, बीएल, ईएल, मेडिकल और चाइल्ड केयर आदि अलग-अलग छुट्टियों की पात्रता रहती है। लंबे समय से ईएल के अवकाश बंद हो गए थे। अब यह शुरू कर दिया गया है। इसमें वर्ष में 10 दिन अर्जित अवकाश लिया जा सकेगा। यह क्रम ऑफिस स्टाफ पर भी लागू किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने एक बार फिर से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने को प्रमुखता देते हुए इसे अनिवार्यता को दोहराया है। शिक्षकों की नाराजगी के बाद उनके लिए भोपाल से फोरी तौर पर राहत दी गई है। सरकारी कर्मचारियों का रविवार का अवकाश तो अनिवार्य रूप से रहता ही है, इसके अलावा 25 सामान्य अवकाश रहेंगे। इस नए वर्ष में चार पर्व और त्योहार रविवार को होने से इन छुट्टियों का लाभ सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा। इसमें संत रविदास जयंती, दीपावली, बिरसा मुंडा जयंती, शिवरात्रि आदि शामिल हैं। इसी तरह 11 ऐच्छिक अवकाश भी रविवार को होने से कर्मचारी इनका लाभ नहीं ले पाएंगे।