नई दिल्ली। भारतीय रेलवे आपको झटका देने वाला है। रेलवे ने मेल-एक्सप्रेस के टिकट के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। रेलवे की ओर से किराये में ये बढ़ोतरी 26 दिसंबर से लागू होने जा रही है। खासतौर पर ट्रेन के जरिए लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को अब सफर के लिए ज्यादा पैसा खर्च करना होगा। रेलवे ने 26 दिसंबर से लागू होने वाले नए किराये के स्ट्रक्चर की घोषणा कर दी है। इसमें ऑर्डिनरी क्लास में 215 किलोमीटर से कम रेल यात्रा पर कोई बोझ नहीं बढ़ाया गया है यानी इसके लिए किराये में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गई है, लेकिन 215 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा के लिए ऑर्डिनरी क्लास में 1 पैसे प्रति किलोमीटर और मेल/एक्सप्रेस नॉन-एससी और एसी क्लास के लिए 2 पैसे प्रति किलोमीटर किराये में बढ़ोतरी लागू होने जा रही है। भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेन किराये में की गई इस बढ़ोतरी से उसे अच्छी खासी कमाई होने वाली है। रेलवे की ओर से बताया गया है कि इस बदलाव के जरिए उसे करीब 600 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई होने की उम्मीद है। ट्रेन टिकट प्राइस में इस चेंज के तहत अब अगर कोई यात्री 500 किलोमीटर की यात्रा नॉन-एसी ट्रेन से करता है, तो उसे मौजूदा टिकट प्राइस की तुलना में 10 रुपए ज्यादा देने होंगे।