📰 पूरी खबर:


नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के अंतर्गत सोमवार को दशहरा मैदान, नीमच में पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता की शुरुआत खिलाड़ियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर की गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने संदेश दिया कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का खेलों से जुड़ना और नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है।
टूर्नामेंट में ए. यूनियन फुटबॉल क्लब, अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब, यंग स्टार फुटबॉल क्लब, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब, सिटी स्पोर्ट्स, अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब तथा सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में ए. यूनियन, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब तथा अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब ने जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक भी उपस्थित रहे।
इसी अभियान के अंतर्गत जावद उप जेल में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हर्ष राठौर एवं थाना प्रभारी जावद द्वारा बंदियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों—जीरन, मनासा, जावद, नीमच सिटी, रामपुरा एवं सिंगोली—में भी ग्राम चौपालों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करें।