📰 पूरी खबर:


नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी स्तर पर संचालित “नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0” के तहत 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना है।
पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन में जिलेभर में प्रतिदिन नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 जुलाई 2026 को पुलिस थाना नीमच कैंट क्षेत्र अंतर्गत कार्मल कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, नीमच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 1000 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वयं नशे से दूर रहने एवं परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अग्रवाल ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना नीमच सिटी अंतर्गत क्रिएटिव माइंड स्कूल, नीमच में निरीक्षक विजय सागरिया, थाना जावद अंतर्गत सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अठाना में उपनिरीक्षक टी.आर. चौहान, थाना रतनगढ़ अंतर्गत सुप्रीम एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल, रतनगढ़ में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल सोलंकी तथा थाना कुकड़ेश्वर अंतर्गत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुकड़ेश्वर में उपनिरीक्षक पी.डी. डामोर द्वारा विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
वहीं थाना बघाना क्षेत्र अंतर्गत स्वराज कपड़ा फैक्ट्री में निरीक्षक राधेश्याम डांगी तथा थाना रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत नाका नंबर-02, रामपुरा में सहायक उपनिरीक्षक पन्नालाल द्वारा आमजन एवं कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, फैक्ट्री कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे। पुलिस विभाग ने नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की है।