📰 पूरी खबर:
बिजौलिया(घनश्याम पाराशर).उपखंड क्षेत्र के सलावटिया गांव की राजकीय चरागाह भूमि पर लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के मामले में खान एवं भू-विज्ञान विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन में प्रयुक्त एक टाटा-हिटाची पोकलेन मशीन जब्त कर ली। रविवार देर रात सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध खनन में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
माइनिंग फोरमैन गिरिराज मीणा ने बताया कि चरागाह भूमि पर भारी मशीनों से अवैध रूप निरीक्षण के दौरान विभाग ने मौके साक्ष्य एकत्रित किए और मशीन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मकरावदा (बेंगू तहसील) निवासी ओमप्रकाश मेघवाल के खिलाफ पंचनामा बनाकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवैध खनन में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
उनके विरुद्ध भी खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार चरागाह भूमि पर अवैध खनन से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। इससे वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर, पशुओं के चरने की व्यवस्था तथा स्थानीय जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अवैध खनन से बने गहरे गड्डे आमजन और मवेशियों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी भूमि पर अवैध खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों के खिलाफ मशीनों की जब्ती, भारी जुर्माना और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या खनन विभाग को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।