📰 पूरी खबर:
नीमच। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), ग्रुप केंद्र नीमच द्वारा रविवार, दिनांक 14 जून 2026 को परिवार कल्याण केंद्र, ग्रुप केंद्र नीमच में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन श्री प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट, ग्रुप केंद्र नीमच के निर्देशन में संयुक्त अस्पताल, सीआरपीएफ नीमच के सहयोग से किया गया। इसमें ग्रुप केंद्र नीमच, रेंज नीमच, सीटीसी नीमच, आरटीसी नीमच, संयुक्त अस्पताल नीमच, प्रथम बटालियन तथा 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों, जवानों, महिला कार्मिकों एवं कैम्प परिसर में निवासरत परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के महत्व के संबंध में जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित करना था। रक्तदान को जीवनरक्षक एवं मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इसी भावना के साथ अधिकारियों, जवानों एवं महिला कार्मिकों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के लाभों एवं इससे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी भी दी गई।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर मानव जीवन की रक्षा एवं मानवता की सेवा के प्रति सीआरपीएफ की संवेदनशीलता, सेवा-भाव तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है।