शब्द शिल्पकारों ने मनाया वसंत उत्सव और निराला जन्मोत्सव, :: कवयित्री डॉ प्रेरणा ठाकरे के निवास पर 21 वें उत्सव पर जुटे रचनाधर्मी, लेखिका रेणुका व्यास का सम्मान
25 Jan 2026
Local News
नीमच। वसंत पंचमी पर प्रकृति के सौंदर्य और मां सरस्वती की आराधना का पर्व वसंत उत्सव एवं हिंदी के हस्ताक्षर सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जयंती उत्सव रचनाधर्मियों द्वारा धूमधाम से मनाया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार यह 21 वां उत्सव न्यू इंदिरा नगर स्थित कवयित्री डॉ प्रेरणा ठाकरे परिहार ने निवास पर आयोजित की गई।
कार्यक्रम के आरंभ में वंदना योगी द्वारा सरस्वती वंदना का गायन किया गया। उपस्थितों को वासंती गुलाल लगाकर रक्षा सूत्र मौली बांधी गई। सभी रचनाकारों ने मां सरस्वती को माला और पुष्प अर्पित कर आराधना की। शब्द शिल्पियों ने संस्कृति में मां सरस्वती के वरदान, सुविख्यात रचनाकार सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के जीवन चरित्र और हिंदी साहित्य में योगदान पर विस्तार से विमर्श प्रस्तुत किये। इस अवसर पर रचनाकारों ने मौलिक काव्यपाठ किया। इस आयोजन में प्रतिवर्ष अंचल के एक लेखक, कवि का सम्मान किया जाता है। इस बार लेखिका श्रीमती रेणुका व्यास का शॉल श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य राधेश्याम शर्मा ने किया। आभार डॉ प्रेरणा ठाकरे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ सुरेंद्र शक्तावत, डॉ कमलेश पाटीदार, अख्तर अली शाह, गोपाल चौहान, गुणवंत गोयल, प्रभात मेहता, महक शर्मा, दीक्षा शर्मा, प्रदीप ठाकरे, प्रणव परिहार सहित साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।