नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में 04 दिवसीय वसन्तोत्सव 2026 को परम्परागत रूप से भव्य आयोजन करने की तैयारियॉं प्रारम्भ हो गई है। वसन्तोत्सव के प्रथम दिवस दिनांक 22 जनवरी 2026 को क्रीड़ा गतिविधियां एवं माण्डना, मेहन्दी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दिनांक 23 जनवरी 2026 को वसन्त पंचमी के अवसर पर प्रातः 11ः00 बजे माननीय विधायक महोदय के कर-कमलों से महाविद्यालय परिसर में स्थापित मॉं सरस्वती की प्रतिमा की विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की जाएगी, तत्पश्चात प्रसाद वितरण और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें महाविद्यालय की छात्राएं अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। दिनांक 24 जनवरी 2026 को प्रातः 11ः00 बजे से महाविद्यालय परिसर में वसन्त-मेले का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें छात्राएं विभिन्न प्रकार के व्यंजनों, हस्तशिल्प सामग्रियों की स्टॉल लगाकर बिक्री करेंगी। कुछ स्टॉल पर मनोरंजक गेम्स भी होंगे। मेले में बहुत आकर्षक विजुअल क्विज के साथ मनपसन्द गानों पर छात्राएं नृत्य करके भरपूर मनोरंजन करेंगी। वसन्तोत्सव के चतुर्थ दिवस दिनांक 27.01.2026 को प्रातः 10ः30 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह में वर्षभर में आयोजित विभिन्न विधाओं, प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं, अकादमिक क्षेत्रों में प्रतिभावान छात्राओं एवं राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 प्रतिभा कालानी एवं वसन्तोत्सव प्रभारी डॉ0 बीना चौधरी ने छात्राओं से अपील की है कि वे वसन्तोत्सव के प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता करके अपनी विभिन्न प्रकार की कलाओं का प्रदर्शन करें तथा आगामी परीक्षाओं के पूर्व भरपूर आनन्दित होकर अपने जीवन में नई ऊर्जा का संचार करें।