जाजू कन्या महाविद्यालय में “छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान
05 Jan 2026
Local News
नीमच । श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले की प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. स्वाती वधवा द्वारा छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
अपने व्याख्यान में डॉ. स्वाती वधवा ने मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस, मनोविज्ञान की कार्यप्रणाली, मानव मस्तिष्क का कार्य, डोपामिन, सेरोटोनिन, एंडोर्फिन एवं ऑक्सीटोसिन जैसे हार्मोन्स की भूमिका, दैनिक जीवन की प्रभावी योजना, परीक्षा के समय तनाव प्रबंधन तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के विषयों पर सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रकाश डाला। उनके विचार छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. हिना हरित द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। महाविद्यालय परिवार द्वारा अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया गया।