जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर उड़ान से पहले विमान में फ्यूल लीकेज हो गया। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-622 जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। सभी यात्रियों की बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एयरक्राफ्ट रनवे की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी का सिग्नल मिला। पायलट ने पैसेंजर्स की सुरक्षा को देखते हुए विमान का टेकऑफ रोक दिया। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जांच में एयरक्राफ्ट के इंजन से फ्यूल लीकेज की पुष्टि हुई। एहतियातन सभी पैसेंजर्स को एयरक्राफ्ट से सुरक्षित उतार लिया गया। उन्हें एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में वापस लाया गया। अचानक हुई इस घटना से पैसेंजर्स में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया।