Local News
सिग्नल ढूंढते हुए बालकनी में गए.....और फिर हुई आईओसी के अधिकारी की गिरकर मौत
📅 04 Jan, 2026
📰 पूरी खबर:
नोएडा । नई दिल्ली के पास नोएडा के सेक्टर 104 में 55 साल के शख्स की 17वें फ्लोर गिरकर मौत हो गई। शख्स की पहचान अजय गर्ग के तौर पर हुई जो इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) में कार्यकारी निदेशक थे। वे एटीएस वन हेलमेट सोसायटी में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घटना शनिवार सुबह की है। जानकारी के मुताबिक वे फोन का नेटवर्क ढूंढते हुए बालकनी में गए थे और तभी वे बालकनी से गिर गए।
रिपोर्ट के मुताबिक गर्ग के फोन में फ्लैट के अंदर अचानक नेटवर्क नहीं आ रहे थे। इसलिए वह बालकनी में चले गए। सिग्नल ढूंढते ढूंढते अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और गर्ग नीचे गिर गए। सोसाइटी के लोगों ने उन्हें जमीन पर पड़ा देखा और तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह साफ होगी। अजय गर्ग और उनकी पत्नी मूल रूप से कानपुर के रहने वाले थे। उनका बेटा मुंबई में रहता है। दर्दनाक हादसे के बाद अजय गर्ग की पत्नी बदहवास हो गईं। लोग अजय गर्ग को आनन फानन में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। इसके बाद उनके बेटे देवांग को भी मामले की जानकारी दी गई।
इस खबर को शेयर करें: