नीमच।प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में कमान अधिकारी ज्योति प्रकाश के मार्गदर्शन में संचालित 5 एमपी बटालियन एन.सी.सी. की सीनियर अंडर ऑफिसर पूजा
ने महाविद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है। पूजा का चयन देश की राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में गार्ड ऑफ ऑनर (Guard of Honour) के लिए हुआ है । यह उपलब्धि न केवल पूजा की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाती है, बल्कि महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के उत्कृष्ट प्रशिक्षण का भी प्रमाण है। गणतंत्र दिवस परेड में गार्ड ऑफ ऑनर का दायित्व मिलना अत्यंत गौरवपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसमें चयनित कैडेट्स देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों और राष्ट्रीय समारोहों में सम्मान प्रकट करते हैं। इस प्रतिष्ठित चयन के लिए पूजा ने कठोर शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया। महाविद्यालय के एनसीसी ऑफिसर डॉ. अशोक कुमार लक्षकार ने पूजा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि पूजा शुरू से ही अनुशासित, परिश्रमी एवं नेतृत्व गुणों से युक्त कैडेट रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है। तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने पूजा को बधाई देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस कैंप में चयनित होकर कर्तव्य पथ पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पूजा की इस सफलता से महाविद्यालय परिवार एवं एनसीसी कैडेट्स में खुशी का माहौल है और यह अन्य विद्यार्थियों को भी एनसीसी से जुड़कर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा। यह चयन निश्चित रूप से नीमच जिले के लिए गौरव का विषय है और आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं नेतृत्व के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।