सिंगोली(निरंजन शर्मा)।विगत लंबे समय से नगर परिषद सिंगोली अपने नवीन भवन के लिए बाट जो रही थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने पहल करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अनुशंसा पर सिंगोली नगर परिषद को नवीन भवन एवं दुकानों के निर्माण के लिए 413.50 लाख (चार करोड़ तेरह लाख पचास हजार रुपए) की प्रशासकीय स्वीकृति दिलाई। इस संबंध में सहकार भारती जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि नगर परिषद के लिए नवीन भवन की मांग नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया और उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार माननीय विधायक महोदय से की जा रही थी। विधायक महोदय द्वारा मांग को जायज मानते हुए तथा गंभीरता से लेते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश जी विजयवर्गीय से 4 करोड़ रुपए से अधिक की राशि नगर परिषद सिंगोली को नवीन भवन और दुकानों के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दिलाई। जिसकी टेंडर विज्ञप्ति नगर परिषद द्वारा जारी की जा चुकी है। श्री जोशी ने बताया कि नगर परिषद के नवीन भवन में करीब 100 चार पहिया वाहनों के लिए बेसमेंट, प्रथम तल पर करीब 20 दुकानें और दूसरी मंजिल पर नगर परिषद सिंगोली का नवीन भवन बनाना एवं लिफ्ट लगाया जाना प्रस्तावित है। बताया कि लंबी मशक्कत के बाद यह स्वीकृति माननीय विधायक महोदय ओमप्रकाश जी सखलेचा की मेहनत का ही परिणाम है जो सिंगोली एवं क्षेत्र के लिए अनुकरणीय है। एक माह के भीतर ठेकेदार को टेंडर किया जाकर कार्य शुरू करवाया जाएगा।