सिंगोली( निरंजन शर्मा)।तहसील के ग्राम बानदा में पटवारी से मिलीभगत कर शासकीय भूमि को अपने नाम करवाने का मामला सामने आया है जिसकी शिकायत जिला कलेक्टर एवं एसडीएम जावद को मिलने के बाद मामले की जांच एवं तहसीलदार सिंगोली के प्रतिवेदन के आधार पर एसडीएम प्रीति संघवी नाहर ने सिंगोली तहसीलदार को एफ आई आर करने के आदेश जारी किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीश पिता बंशीलाल धाकड पर आरोप है कि सर्वे नंबर 270/1/17 और 270/1/15 की जमीनों के रिकार्ड में हेराफेरी की गई है। वर्ष 2014-15 से 2016-17 तक राजस्व रिकार्ड में खाली (रिक्त) दर्ज थी जिस पर जगदीश धाकड़ ने बिना किसी वैध दस्तावेज के तत्कालीन पटवारी प्रकाशन जैन से मिलीभगत कर इन जमीनों को अपने और अपने पिता बंशीलाल के नाम पर दर्ज करा लिया है। जिस संबंध में शिकायत जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को की गई है। जिला कलेक्टर द्वारा उक्त शिकायत की त्वरित जांच करने के निर्देश दिए गए थे। जिसके पालन में न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), उपखण्ड जावद के न्यायालयीन प्रकरण क. 0145/अ-6(अ)/2025-26 को मद अ-6-अ मे दर्ज किया जाकर तहसीलदार, तहसील सिंगोली से जांच प्रतिवेदन लिया गया। तहसीलदार सिंगोली द्वारा ग्राम बाणदा की भूमि सर्वे कं. 270/1/15 व 270/1/17 वर्ष 2016-17 तक खसरे में प्रविष्टि रिक्त है। वर्ष 2017-18 में सर्वे कमांक 270/1/मिन 15 रकबा 1.000 हेक्टेयर पर बंशीलाल पिता नानुराम जाति धाकड़ का नाम तथा सर्वे कमांक 270/1/मिन 17 रकबा 0.500 हेक्टेयर पर जगदीश पिता बंशीलाल का नाम बिना किसी सक्षम आदेश के दर्ज हुआ है जो वर्तमान तक यथावत है। सर्वे कमांक 270/1/17 रकबा 0. 500 हेक्टेयर पर पी.एम. किसान एवं सी.एम. किसान सम्मान निधि का पंजीयन कमांक एम.पी. 249052523 है। पी.एम. किसान सम्मान निधि कि 19 किश्त एवं सी.एम. किसान कि सम्मान निधि कि 13 किश्त की राशि अप्राधिकृत प्रविष्टी के खातेदार जगदीश पिता बंशीलाल के द्वारा प्राप्त की जा रही है। उक्त विवेचना से स्पष्ट है कि तत्कालीन पटवारी प्रकाश जैन के द्वारा जगदीश पिता बंशीलाल धाकड़ को शासकीय भूमि के अभिलेख में बेईमानी से एवं कपटपूर्वक प्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाने के लिए राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज किया एवं जगदीश पिता बंशीलाल घाकड़ के द्वारा शासकीय भूमि पर नाम दर्ज होने उपरांत बेईमानी एवं कपटपूर्वक किसान सम्मान निधि का अप्राधिकृत लाभ अर्जित किया गया है। उपरोक्त विवेचना के आधार पर तथा प्राप्त शिकायत एवं राजस्व रिकॉर्ड के अवलोकन उपरांत ग्राम बाणदा की भूमि सर्वे क. 270/1/15 व 270/1/17 को पुनः शासकीय घोषित किया गया है तथा जगदीश पिता बंशीलाल घाकड़ से पी.एम. किसान सम्मान निधि कि 19 किश्त एवं सी. एम. किसान कि सम्मान निधि कि 13 किश्त की राशि 64,000/- रू. (अक्षरी चौसठ हजार रूपये) वसूल किये जाने हेतु तहसीलदार, तहसील सिंगोली को आदेशित किया गया है तथा वर्ष 2017-18 में ग्राम बाणदा मे पदस्थ तत्कालीन पटवारी श्री प्रकाश जैन एवं जगदीश पिता बंशीलाल धाकड़ के विरुद्ध भारतीय न्याय’ संहिता की धारा 316 व 318 तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाये जाने हेतु तहसीलदार तहसील सिंगोली को आदेशित किये जाने संबंधी दिनांक 26/12/2025 को आदेश पारित किया गया है।