:: कलेक्टर के निर्देश पर मिलावट की शिकायत के लिए दो हेल्पलाइन नंबर हुए शुरू ::
इंदौर। इंदौर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मानकों से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों को शीघ्रता से दर्ज करने के लिए दो महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं। यह पहल कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। अब कोई भी उपभोक्ता खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता में कमी, निर्धारित मानकों के उल्लंघन या किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत सीधे इन नंबरों पर दर्ज करा सकता है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 0731-181 और 0755-2840621 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल करके उपभोक्ता सीधे अधिकारियों तक अपनी जानकारी पहुँचा सकते हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।यह सुविधा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जिले में शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य को मजबूत करेगी।