📰 पूरी खबर:

नीमच, । ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ, नीमच में सोमवार को 77वाँ गणतंत्र दिवस पूर्ण गरिमा, पारंपरिक मर्यादा, हर्षोल्लास एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सुरेन्द्र कुमार, डीआईजी ग्रुप केंद्र नीमच की गरिमामयी उपस्थिति में श्री प्रमोद कुमार, कमांडेंट ग्रुप केंद्र सहित स्टेशन पर उपस्थित समस्त राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बहादुर जवानों की उपस्थिति में ग्रुप केंद्र के क्वार्टर गार्ड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। अपने उद्बोधन में श्री सुरेन्द्र कुमार, डीआईजी ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों एवं कार्मिकों को महानिदेशक, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल नई दिल्‍ली तथा महानिरीक्षक मध्‍य प्रदेश सेक्‍टर भोपाल की ओर से शुभकामनाएँ संप्रेषित कीं तथा अपनी ओर से भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल में अद्भुत एवं अदम्य साहस के साथ सेवाएँ प्रदान करने वाले वीरता पदकों से सम्मानित अधिकारी एवं जवान जिनमें शौर्य चक्र-01, वीरता पदक-12, विशिष्‍ट सेवा पदक- 05 तथा उत्‍कृष्‍ट सेवा पदक-57 शामिल है, के नामों का उल्लेख किया तथा उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश सेवा हमारा परम कर्तव्य है और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु सी.आर.पी.एफ. का प्रत्येक जवान पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा।

इस अवसर पर बल के सेवानिवृत्त स्थानीय कार्मिकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने इस कार्यक्रम के साक्षी बनकर गौरव की अनुभूति की। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर सीआरपीएफ मॉन्टेसरी स्कूल परिसर में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जहाँ बच्चों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं एवं मिठाई वितरण किया गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में बल की परंपरा के अनुसार राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों के सम्मान में राजपत्रित अधिकारी मैस में ‘एट होम कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त सायंकाल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा स्टेशन के समस्त मैसों में बड़ाखाना आयोजित किया गया।