📰 पूरी खबर:



इंदौर । अपनों को खोने के दुख के बीच दो परिवारों ने मानवसेवा की मिसाल पेश की। मंगलवार को शहर में कमलाबाई संघवी और समाजसेवी हंसराज जैन का देहदान किया गया। दोनों के नेत्र एमके इंटरनेशनल आई बैंक और त्वचा चोइथराम स्किन बैंक को दान की गई। उनके पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए मेडिकल कॉलेजों को सौंपे गए। शासन के आदेश के अनुसार पुलिस प्रशासन ने दोनों देहदानियों को अंतिम विदाई के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
:: कमलाबाई संघवी का पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज को सौंपा :: 
बैकुंठ धाम कॉलोनी निवासी कमलाबाई संघवी के निधन के बाद उनके परिवार ने देहदान का संकल्प पूरा किया। परिवार के सदस्यों नरेंद्र, सुनील, मधु, उमरावमल और दिलीप संघवी सहित परिजनों ने इस निर्णय में सहमति दी। उनके भतीजे पंकज संघवी और सेवा भारती के रूपेंद्र जैन ने देहदान की प्रक्रिया में समन्वय किया। उनका पार्थिव शरीर एलनसिटी मेडिकल कॉलेज, इंदौर को चिकित्सा शिक्षा के लिए सौंपा गया।
:: भाई के निधन के 25 दिन बाद हंसराज जैन का भी देहदान :: 
समाजसेवी हंसराज जैन ने जीवनभर शैक्षणिक, चिकित्सा और सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर सेवाएं दीं। उनके निधन के बाद परिवार ने उनका पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा के लिए दान किया। उनका देहदान सेम कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस, भोपाल में किया गया। इस प्रक्रिया में उनके भतीजे शैलेश जैन, विकास मुथा और मुकेश थावरानी ने समन्वय किया।
उल्लेखनीय है कि करीब 25 दिन पहले हंसराज जैन के छोटे भाई देवेंद्र कुमार जैन का भी निधन हुआ था। परिवार ने उनका भी देहदान किया था। उनका पार्थिव शरीर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, खंडवा को सौंपा गया था।
:: मुस्कान ग्रुप ने किया समन्वय :: 
दोनों देहदान की प्रक्रिया मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से पूरी हुई। नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक और त्वचादान चोइथराम स्किन बैंक में कराया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इंदौर निवासी आशालता काबरा का भी नेत्रदान और देहदान किया गया था। उनका पार्थिव शरीर कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर को सौंपा गया था।