उदयपुर के मनवाखेड़ा में ‘द पर्पल बार’ रेस्टोरेंट सीज, यूडीए की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण व अतिक्रमण पर चला यूडीए का बुलडोजर
17 Jan 2026
MP न्यूज़
उदयपुर। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) का अभियान लगातार जारी है। आयुक्त राहुल जैन एवं सचिव हेमेन्द्र नागर के निर्देश पर प्राधिकरण क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करते हुए बिना स्वीकृति और विधिक दस्तावेजों के बने दो व्यवसायिक निर्माण सीज किए गए, वहीं तीन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।
इस कार्रवाई में सबसे बड़ी और चर्चित कार्रवाई मनवाखेड़ा क्षेत्र में संचालित ‘द पर्पल बार’ रेस्टोरेंट पर की गई। यूडीए ने बताया कि मनवाखेड़ा की तीन आराजियों में बिना स्वीकृति और बिना भू-उपयोग परिवर्तन (कन्वर्जन) के अशोक सुहालका द्वारा ‘द पर्पल बार’ नाम से रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा था। नियमानुसार अनुमति नहीं होने के कारण यूडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट को सीज कर दिया।
तितरडी में अवैध व्यवसायिक निर्माण भी सीज
राजस्व ग्राम तितरडी की एक आराजी में विनोद जैन द्वारा बिना स्वीकृति और बिना भू-उपयोग परिवर्तन के व्यवसायिक निर्माण किया गया था। यूडीए ने कार्रवाई करते हुए उक्त निर्माण को सीज कर दिया।
रास्ता खुलवाया, अतिक्रमण हटाए
सवीनाखेड़ा योजना में एम-ब्लॉक के प्लॉट संख्या 1, 2 व 3 के बीच स्थित 10 फीट चौड़ा सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिया गया था। यूडीए ने मौके पर रास्ता खुलवाया। प्लॉट पर स्थगन आदेश बताया गया, लेकिन रास्ते पर कोई स्टे नहीं था।
गुखर मगरी में प्राधिकरण की भूमि पर मदनलाल द्वारा बनाई गई बाउंड्रीवॉल व कच्चे निर्माण को हटाया गया।
सवीनाखेड़ा में आराजी रिकॉर्ड अनुसार यूडीए की भूमि पर गजेन्द्र सिंह द्वारा बनाए गए अवैध मकान को ध्वस्त किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई कार्रवाई:
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल तैनात रहे। तहसीलदार रणजीत सिंह विठू के निर्देशन में यूडीए के अधिकारी-कर्मचारी भरत हथाया, अभय सिंह चुंडावत, अभिमन्यु सिंह राणावत, विजय नायक, बाबूलाल तावड़ एवं भू-अभिलेख निरीक्षक दीपक जोशी मौजूद रहे।
यूडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति, बिना कन्वर्जन और अतिक्रमण के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।