
जयपुर । बयाना कस्बे में सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। अम्बा टाकीज के पास दुकानों की बेसमेंट की सफाई के दौरान पास की पक्की दासे-बंदी की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत बयाना उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अम्बा टाकीज के पास बयाना निवासी मनीष चौधरी की दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। बेसमेंट की खुदाई की गई थी। सुबह मजदूर जब बेसमेंट की सफाई कर रहे थे, तभी पास में बनी पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।घायलों की पहचान लाखन पुजारी निवासी बाजोली (बयाना), वीरेंद्र राजपूत निवासी भैरा रेखपुरा (थाना उच्चैन) और सोना जाट निवासी बयाना के रूप में हुई है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुकानों के मालिक हरगोविंद चौधरी ने बताया कि मजदूर उनके यहां कार्य के दौरान घायल हुए हैं और उनके इलाज की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं उठाएंगे। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।