*विधायक परिहार ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की ली बैठक, दिए आवश्यक निर्देश*

नीमच। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने शुक्रवार को डाक बंगले पर पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री, एसडीओ एवं अभियंताओं के साथ बैठक ली और क्षेत्र में चल रहे सडक निर्माण कार्यों की समीक्षा की। करीब दो घण्टे चली मैराथन बैठक में विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों का विधायक ने फीडबैक भी लिया। बैठक में बैठक में अपने कार्यकाल के 2 वर्श पूर्ण होने पर अभी तक किए गए कार्यों की एवं आगामी कार्य योजना की समीक्षा की गई। खासतौर पर जयसिंहपुरा बायपास से विभिन्न ग्रामों को भी जोडा जा सके, इस पर भी विचार मंथन किया गया, वहीं विधानसभा क्षेत्र के शेश बचे सभी ग्रामों को जिला स्तर से जोडने के लिए नवीन संभावनाओं पर भी विचार किया गया। साथ ही नीमच-जीरन-मल्हारगढ सडक मार्ग की समीक्षा भी की गई। विधायक परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नीमच जिले के प्रत्येक गांव की जिला स्तर से कनेक्टिविटी हो, जिससे शहरी, ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों सभी को अधोसंरचना विकास का लाभ प्राप्त हो इस आधार पर प्रस्ताव की परिकल्पना की जाये। पीडब्ल्यूडी मंत्री का नीमच दौरा प्रस्तावित है, उससे पूर्व विधानसभा क्षेत्र की सडक निर्माण कार्यों की शेश संभावनाओं को भी तलाशकर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अगले बजट में उन्हें शामिल कराया जा सके। विधायक श्री परिहार ने जिले की सड़कों की कनेक्टिविटी को एकीकृत दृष्टिकोण से देखने की जरूरत जताई। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की चारों दिशाओं में स्थित ग्रामों को जिला मुख्यालय से जोडने एवं जनपदों को भी आपस में जोड़ने वाली संरचना तैयार की जाए, जिससे जिले की आंतरिक गति और समरसता को नई दिशा मिले। विधायक श्री परिहार ने कहा कि जनता के जीवन को सरल और सुरक्षित बनाने की हमारी संकल्पना है। सड़कें केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, रोज़गार, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सामाजिक-सांस्कृतिक प्रगति का आधार हैं। हमारा उद्देश्य प्रत्येक निर्माण कार्य को सिर्फ एक तकनीकी परियोजना के रूप में नहीं, बल्कि जनता के जीवन स्तर को सुधारने वाले साधन के रूप में देखना है। गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार के साथ प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, यही प्रयास “लोक निर्माण से लोक कल्याण“ की भावना को साकार करते हैं।