📰 पूरी खबर:
बिजौलिया (घनश्याम पाराशर*).नगर पालिका की पहली चेयरपर्सन के रूप में भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी के निर्वाचित होने के बाद अब नगर पालिका के वाइस चेयरमैन पद को लेकर मंगलवार को चुनाव हुआ। नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया एसडीएम कार्यालय में संपन्न हुई।
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय पार्षद सौभाग्य सिंह ने जीत दर्ज की। उन्हें 14 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की वार्ड 13 की पार्षद आशा देवी जैन को 11 वोट मिले। इस तरह सौभाग्य सिंह ने 3 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। नगर पालिका के सभी 25 पार्षदों ने मतदान किया।
उल्लेखनीय है कि बिजौलिया नगर पालिका में उपाध्यक्ष बने सौभाग्य सिंह बिजौलिया के कद्दावर कांग्रेस नेता व बिजौलिया ठिकाना परिवार से हैं। जिला कांग्रेस कमेटी में जिला महासचिव रह चुके सौभाग्य सिंह को हाल ही में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने निर्दलीय के रूप में वार्ड 19 से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। सोमवार को भाजपा को समर्थन देकर अध्यक्ष बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें उपाध्यक्ष बनाने में मदद की।