📰 पूरी खबर:


नीमच। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने एवं नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत नगर पालिका नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने दोपहर की शिफ्ट में सफाई कर्मियों के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर शुक्रवार दोपहर वर्तमान 12, 14 एवं 34 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही शास्त्री नगर स्थित आशा हॉस्पिटल एवं ओम हॉस्पिटल का भी अवैध निर्माण संबंधी शिकायत पर निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारीयों का वेतन काटने एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
 शुक्रवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती बामनिया ने राजस्व अधिकारी श्री खेमचंद मुसले, स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, लोक निर्माण विभाग के श्री हेमंत सिसोदिया एवं रवि भंडारी के साथ वार्ड क्रमांक 13 के शास्त्री नगर स्थित आशा हॉस्पिटल एवं ओम हॉस्पिटल का निरीक्षण किया एवं निर्माण संबंधी दस्तावेज नगर पालिका में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी के साथ श्रीमती बामनिया ने वार्ड क्रमांक 12 के जवाहर नगर, वार्ड क्रमांक 13 के शास्त्री नगर एवं वार्ड क्रमांक 34 में किलेश्वर मंदिर के सामने ऑफिसर्स कॉलोनी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया इन क्षेत्रों में 13 सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए जिनका वेतन काटने तथा संबंधित क्षेत्र के स्वच्छता पर्यवेक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
 श्रीमती बामनिया ने स्वच्छता निरीक्षकों को भी निर्देश दिए की वह सुबह के साथ-साथ दोपहर में भी अपने-अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें एवं अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी से अवगत करावे ताकि लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।