📰 पूरी खबर:
नीमच। बघाना स्थित दादी धाम पर श्री राणी सती दादी मंदिर ट्रस्ट की ओर से चतुर्थ दो दिवसीय भादी मावस महोत्सव का आयोजन 10 एवं 11 सितंबर को किया जाएगा। भादी मावस के अवसर पर दादी धाम में दो दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रहेगी। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। दादी जी के भव्य दरबार के साथ आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।महोत्सव के प्रथम दिवस 10 सितंबर को दोपहर 1 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। प्रसिद्ध भजन गायिका तान्या अग्रवाल (भागलपुर) दादी जी के भजनों की प्रस्तुति देंगी।इसके साथ ही म्यूजिकल हाउजी, मेहंदी एवं हल्दी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला मंडल की ओर से भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन स्थल पर फूड जोन में विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। महिलाओं एवं युवतियों के लिए निःशुल्क मेहंदी पॉइंट की व्यवस्था भी रहेगी।भादी अमावस्या के अवसर पर 11 सितंबर को सुबह 6:30 बजे से धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। गणेश पूजन, दादी अभिषेक, ध्वज पूजन, ध्वजारोहण, आरती एवं विशेष धोक पूजा संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु दादी जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे।दोपहर 12:30 बजे से प्रसिद्ध मंगल पाठ वाचक उज्जवल खाकोलिया (नागपुर) नृत्य नाटिका टीम के साथ संगीतमय मंगल पाठ का वाचन करेंगे। मंगल पाठ के साथ भजनों के माध्यम से दादी जी की स्तुति की जाएगी। नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियां भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
भादी मावस महोत्सव को विशेष बनाने के लिए दादी जी का भव्य दरबार सजाया जाएगा। मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्वलित रहेगी तथा दादी जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर का आकर्षक श्रृंगार कलकत्ता एवं दिल्ली के कारीगरों द्वारा किया जाएगा। विशेष सजावट और फूलों से सजा दादी धाम भक्तों के लिए मनमोहक नजर आएगा।श्री राणी सती दादी मंदिर ट्रस्ट ने सभी दादी भक्तों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने तथा मां राणी सती दादी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।