📰 पूरी खबर:
नीमच.माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला न्यायपालिका से जुड़े न्यायाधीशगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, अधिवक्तागण एवं अन्य हितधारकों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं समग्र विकास को बढ़ावा देने हेतु “उल्लास” कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में दिनांक 09 सितंबर 2026 को प्रातः 09.00 बजे से नवीन जिला न्यायालय परिसर, नीमच में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय, पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री मनीष जोशी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्रीमती शोभना मीणा सहित अन्य अतिथिगण द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिविर के दौरान माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय सहित अन्य न्यायाधीशगण, पुलिस अधीक्षक महोदय, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण एवं इनके परिजनों द्वारा अपने स्वास्थ्य की जाँच कराई गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में जनरल फिजिशियन के रूप में डॉ. निखिल राठी, डॉ. विपुल गर्ग, डॉ. अशोक जैन एवं डॉ. आर. पी. माहेश्वरी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
गोमाबाई अस्पताल की ओर से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जुबिन सिंह द्वारा नेत्रों की विभिन्न जाँचें की गईं, जिनमें चश्मे के नंबर की जाँच, कॉर्निया संबंधी जाँच एवं मोतियाबिंद की जाँच आदि प्रमुख थीं।
हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में चैरड़िया हॉस्पिटल के डॉ. बी.एल. जटिया द्वारा हृदय संबंधी परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल, नीमच की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य जाँचें की गईं, जिनमें सी.बी.सी., लीवर, किडनी, शुगर, ई.सी.जी. एवं लिपिड प्रोफाइल सहित अन्य आवश्यक जाँचें शामिल थीं।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं पुलिस अधीक्षक ने किया सर्वप्रथम रक्तदान
शिविर के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास द्वारा सर्वप्रथम रक्तदान कर रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं अन्य हितधारकों को आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विजय सिंह कावछा प्रधान न्यायाधीष कुटुम्ब न्यायालय, श्री आलोक कुमार सक्सेना विषेष न्यायाधीष (एट्रोसिटिज) एवं श्री विष्णु दुबे व्यवहार न्यायाधीश द्वारा भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया गया, जिससे उपस्थितजनों में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश एवं प्रेरणा का संचार हुआ। न्यायिक परिवार एवं अन्य हितधारकों द्वारा भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया गया। शिविर में 70 यूनिट से अधिक रक्तदान हुआ।
सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन
शिविर में सीपीआर प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. स्वप्निल वाधवा द्वारा उपस्थित जनों को सीपीआर का प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में हृदय संबंधी समस्या होने पर सीपीआर के माध्यम से किस प्रकार किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, इसकी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
लगभग 300 व्यक्तियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 300 से अधिक व्यक्तियों द्वारा अपने स्वास्थ्य की जाँच कराई गई। इस अवसर पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा कहा गया कि न्यायिक परिवार एवं इससे जुड़े अन्य हितधारकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। षिविर के सफल आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संबद्ध पैरालीगल वाॅलेंटियर्स श्री राकेष सिंह परिहार, श्री पंकज राठोर एवं श्रीमती श्वेता जोषी द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया है।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री मनीष जोशी द्वारा शिविर में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।