📰 पूरी खबर:

 

नीमच। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना अंतर्गत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत नीमच विकासखंड की विकासखंड स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया। प्रशिक्षण में अगस्त माह में आयोजित होने वाले परिषद के विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर ने प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के उद्देश्य एवं परिषद की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाताओं तथा सीएम सोशल इंटर्न द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिषद की योजनाओं का उद्देश्य समाज में जनभागीदारी बढ़ाते हुए स्वैच्छिकता की भावना को मजबूत करना है। बैठक में अगस्त 2026 के प्रस्तावित कार्यक्रमों स्वैच्छिकता पर्व, हरियाली यात्रा, नवांकुर सखी अभियान, "एक पेड़ माँ के नाम" पौधारोपण अभियान, तिरंगा यात्रा तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम में अधिकाधिक प्रवेश सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों को शासन की समसामयिक लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में परिषद के निर्देशानुसार आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता तथा सीएम सोशल इंटर्न उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।