📰 पूरी खबर:
नीमच । देश व प्रदेश के साथ नीमच जिले में मादक द्रव्यों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 स्थित बालक-बालिका छात्रावास में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के साथ ही 17 जून से 26 जून तक चले "नशामुक्त भारत अभियान : विकसित भारत की पहचान सप्ताह" का समापन भी हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दिलीप सिंह परिहार, अपर कलेक्टर बी. एस. कलेश तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक श्रुति भरडिया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने अपने संबोधन में कहा कि युवा और बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे जैसी बुराई से बचाने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। शासन द्वारा नशामुक्ति के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें समाज की सहभागिता भी जरूरी है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति विषयक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर ट्रॉफी प्रदान की। वहीं जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन नीमच के सचिव राकेश पटवा, पूर्व सचिव जयराम मूलचंदानी,वरिष्ठ सदस्य डॉ.जीवन कौशिक,सुनील बरडिया, अन्य सदस्य हरीशशर्मा, राहुल मित्तल, हर्ष श्रीमाल, जितेंद्र धिंग, शिव आहूजा आदि कई सदस्यों ने विधायक का सम्मान करते हुए नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस नशामुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनील तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सामाजिक न्याय विभाग के जिला समन्वयक विनीत दुबे ने व्यक्त किया।इस अवसर पर प्राचार्य अनिल व्यास, वार्डन दीपा वैष्णव, अभय जैन, भूरालाल अहीर, डी.सी. पाटीदार, गुलाब सिंह सोनगरा, दिनेश सैनी, गुणवंत गोयल, बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना, स्मैक,अफीम, शराब और अवैध मादक पदार्थों,नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई युवाओं का भविष्य व परिवार दोनों बर्बाद हो जाते हैं।जनजागरूकता कार्यक्रम प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान सप्ताह के दौरान सामाजिक न्याय विभाग, रेडक्रॉस नशामुक्ति केंद्र एवं अल्कोहॉलिक्स एनोनिमस ग्रुप के सहयोग से जिलेभर में नशामुक्ति प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, जनजागरूकता कार्यक्रम, पंपलेट एवं स्टीकर वितरण तथा सामूहिक शपथ जैसे आयोजन किए गए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति विषयक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गईl जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथि विधायक श्री परिहार ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया l