बिना मापदंड के कर रहे रोड़ का घटिया निर्माण, सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चला रहे जेसीबी
13 Dec 2025
Local News
*चीताखेड़ा (आजाद मंसूरी)।* ग्राम चीताखेड़ा से रंभावली तक हो रहे रोड़ निर्माण में बिना मापदंड के कार्य हो रहा है। साथ ही रोड़ निर्माण की आड़ में अवैध रूप से जेसीबी चलाकर सरकारी जमीन भी खोद डाली। रोड़ का निर्माण भी घटिया प्रकार का किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा ग्राम चीताखेड़ा से राजस्थान सीमा के ग्राम रंभावली तक नई डामरीकृत सड़क का भूमि पूजन किया था। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से 3.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का ठेकेदार द्वारा रोड़ निर्माण का कार्य शुरू किया। लेकिन वर्तमान में रोड़ कहीं संकरा तो कहीं चौड़ा बनाया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा मनमर्जी से नियम ताक पर रखकर इस रोड़ का बेहद ही घटिया स्तर का निर्माण किया जा रहा है। गिट्टी, मिट्टी व समतलीकरण आदि भी बिना पैमाने के रोड़ निर्माण कर रहा है। यदि जिम्मेदारों ने इस और ध्यान नहीं दिया तो ग्रामीणों व राहगीरों को घटना-दुर्घटना के रूप में चुकानी पड़ेगी। ग्रामीणों ने कई बार इस घटिया रोड़ की शिकायत की लेकिन शायद ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण इस ओर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
*जेसीबी चलाकर बिना अनुमति के अवैध रूप से खोद दी सरकारी जमीन-*
घटिया रोड़ के निर्माण की आड़ में ठेकेदार और जिमीदारों ने मिलीभगत से सरकारी जमीन को भी नहीं छोड़ा है। बिना स्वीकृति के अवैध रूप से सरकारी जमीन की खुदाई कर कई टन वजनी खनिज भी खुर्द-बुर्द कर दिया। वर्तमान में भी जेसीबी लगातार मुर्रम खुदाई कर रही है। इस संबंध में ठेकेदार के हेल्पर ने बताया कि मैंनें विभागीय स्वीकृति ले रखी है।
*इनका कहना-*
अगर ठेकेदार द्वारा शासकीय भूमि से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई की जा रही है तो हम इसकी जांच करेंगे। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करेंगे।
- *शत्रुघ्न चतुर्वेदी, प्रभारी तहसीलदार जीरन*
यदि शासकीय भूमि से अवैधानिक तरीके से खुदाई की जा रही है तो निश्चित ही कार्यवाही करेंगे।
- *गजेंद्र डावर, जिला खनिज अधिकारी नीमच*
मुझे इस मामले में जानकारी नहीं है। इस मामले में कार्यपालन यंत्री से जानकारी लेनी होगी। जानकारी वही दे पाएंगे।
- *नेहा राठौर, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी नीमच*
_________
फाइल देखे बिना कुछ कह नहीं सकता। इस संबंध में आप मुझसे कार्यालय आकर संपर्क करें।
- *अमित नर्गेश, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी नीमच*
____________
मैंने डिपार्टमेंट से परमिशन ले रखी है। मुझे अधिकार है कहीं से भी शासकीय भूमि से मुर्रम-मिट्टी खोदकर ला सकता हूं।
- *राहुल, ठेकेदार हेल्पर*