नीमच (निप्र)। नीमच सिटी पुरानी पुलिस चौकी  के समीप रहने वाले बोहरा समाज के असद हुसैन पिता जूजर बोहरा के साथ आरोपी दीपक व रिहान द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने के विरोध में  बोहरा समाजनों  और पीडित पक्ष द्वारा गुरुवार शाम 4 बजे एसपी कार्यालय पहुंच कर इस घटना के विरोध में ज्ञापन देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की गई।

पीडित परिवारजनों ने एसपी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि 10 दिसंबर की रात करीब 10.15 बजे असद का बड़ा भाई जुनेद अपनी पत्नी के साथ फिल्म देखकर घर लौटा ही था कि सामने स्थित दुकान संचालक दीपक और रिहान ने पुरानी पार्किंग के विवाद को लेकर अचानक जोर–जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और मां-बहन की गालियां देने लगे। शोर सुनकर असद तथा उसकी मां तसदन नीचे आए और दोनों को समझाने का प्रयास किया, परंतु आरोपी और आक्रामक हो गए और दीपक, रिहान और उनके तीन साथी कुछ ही देर में घर के सामने आ धमके और असद को मुख्य गेट से घसीटकर बाहर ले गए। दीपक अपनी दुकान से लकड़ी का डंडा लाया और असद के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे खून बहने लगा। दाहिने हाथ की कोहनी तथा घुटने पर भी गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान तसनीम बचाव के लिए आगे आईं, तो रिहान ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। असद के पिता जुजर हुसैन, रिश्तेदार हुसैफा बोहरा एवं अब्बास हकीम ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। पूरी घटना सीसीटीवी में दर्ज होना बताया गया है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि दीपक अपनी दूध की दुकान देर रात 11 बजे से 2 बजे तक अवैध रूप से खुली रखता है, जहां वह अपने साथियों के साथ शराब, गांजा जैसे नशे करता है तथा गाली-गलौज और हंगामा करता है, जिससे आसपास के लोगों के लिए रात में रहना मुश्किल हो गया है। दुकान के सामने उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण भी कर रखा है, जिससे आम रास्ता बाधित हो रहा है।पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं तथा पुलिस के भय के बिना खुलेआम घूम रहे हैं।  बोहरा समाज और पीडित परिवार  ने आरोपियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है ।